
जांजगीर-चांपा, 16 मार्च। उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार बोर्ड ऑफ विजिटर्स द्वारा जिला जेल जांजगीर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर-चांपा शक्ति सिंह राजपूत, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मनोज कुमार कुशवाहा, कलेक्टर जन्मेजय महोबे तथा नगर पुलिस अधीक्षक योगिता खापेडे उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल में बंदियों को दी जा रही विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। इसमें जेल लीगल एड क्लिनिक की व्यवस्था, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष, बैरकों की स्थिति, मुलाकात कक्ष, भोजन की गुणवत्ता, शिकायत पेटी, पेयजल व्यवस्था, कपड़ों की स्थिति, शौचालय और प्राथमिक चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली गई।
इस दौरान जेल अधीक्षक डी.डी. टोडर ने अधिकारियों को जेल की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। निरीक्षण के समय अधिवक्ता लीगल एड डिफेंस काउंसिल सत्यनारायण सिंह ठाकुर, विनोद कुमार कश्यप, विष्णु प्रसाद अग्रवाल, अशोक यादव, पैरा लीगल वालेंटियर लक्ष्मी प्रसाद जायसवाल और जयराम गढ़ेवाल सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने बंदियों के मामलों में आने वाली समस्याओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।





