छत्तीसगढ़

शिवरीनारायण मेले में बड़ा हादसा: आकाश झूले की कुर्सी गिरने से दो युवतियां घायल

BREAKING NEWS

जांजगीर-चांपा। शिवरीनारायण में इन दिनों चल रहे विशाल माघी मेले में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। मेला देखने दूर-दराज से पहुंचे लोगों के बीच उस समय अफरातफरी मच गई, जब नगर पंचायत कार्यालय के सामने लगे आकाश झूले में अचानक तकनीकी खराबी आ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार करीब 4 बजे नगर पंचायत के सामने उमेश गुप्ता द्वारा संचालित आकाश झूले की एक कुर्सी टूटकर नीचे गिर गई। हादसे के वक्त झूले के नीचे खड़ी जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम मल्दा की दो युवतियां उसकी चपेट में आ गईं।

20260210 201218 Console Crptech

घायल युवतियों की पहचान

इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई युवतियों की पहचान –चंद्रकांत कश्यप (15 वर्ष) और भूमिका कश्यप (21 वर्ष)
दोनों निवासी ग्राम मल्दा, जिला जांजगीर-चांपा हैं।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से दोनों को एम्बुलेंस द्वारा शिवरीनारायण के शबरी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार भूमिका कश्यप की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया गया है।

मेले में मची अफरातफरी

घटना के समय मेला परिसर में भारी भीड़ मौजूद थी। झूले से कुर्सी गिरते ही लोगों में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए मेला क्षेत्र में अव्यवस्था का माहौल बन गया।

फिटनेस जांच पर उठे सवाल

इस गंभीर हादसे के बाद मेले में लगे झूलों और मौत के कुएं की फिटनेस जांच को लेकर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि झूलों की तकनीकी जांच केवल कागजी कार्रवाई बनकर रह गई है। जांच करने वाले अधिकारी बिना प्रभावी परीक्षण किए अनुमति दे देते हैं। नगर पंचायत की ओर से भी सुरक्षा मानकों की कोई ठोस निगरानी नहीं की जाती। सिर्फ राजस्व वसूली पर ध्यान दिया जा रहा है, जबकि लोगों की जान खतरे में है

प्रशासन की जिम्मेदारी तय हो

स्थानीय नागरिकों और मेला देखने आए लोगों ने मांग की है कि इस मामले में झूला संचालक पर कड़ी कार्रवाई हो। फिटनेस प्रमाणपत्र जारी करने वाले अधिकारियों की जांच की जाए।नगर पंचायत की जवाबदेही तय की जाए। मेला परिसर में सभी झूलों की दोबारा तकनीकी जांच कराई जाए।

फिलहाल हादसे ने प्रशासनिक लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।

Related Articles

Back to top button