देश

Vaishno Devi Landslide : वैष्णो देवी मार्ग पर बड़ा हादसा, 30 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

मचा हाहाकार

Vaishno Devi Landslide : जम्मू-कश्मीर के कटरा में माता वैष्णो देवी मंदिर के पास भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में 30 लोगों की मौत हो गई है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन (Landslide) से 30 लोगों की जान चली गई है, जबकि कई घायल बताए जा रहे हैं। बचाव और राहत कार्य जारी है। वहीं यात्रा अब रोक दी गई है।

न्यूज एजेंसी के मुताबिक, कटरा स्थित वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन में करीब 30 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे अर्धकुंवारी में इंदरप्रस्थ भोजालय के पास हुआ। एसएसपी रियासी परमवीर सिंह ने मृतकों की पुष्टि की है। अर्धकुवारी वैष्णो देवी मंदिर की 12 किलोमीटर की चढ़ाई के बीच का अहम पड़ाव है। हादसे के तुरंत बाद बचाव दल, एनडीआरएफ, श्राइन बोर्ड के कर्मचारी और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गए है और बचाव अभियान जारी है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार को जानकारी दी कि जम्मू-कश्मीर में लगातार भीषण गरज-चमक और मूसलाधार बारिश जारी है। कई इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। प्रभावित क्षेत्रों में जम्मू, आरएसपुरा, सांबा, अखनूर, नागरोता, कोट भलवाल, बिश्नाह, विजयपुर, पुरमंडल और कठुआ-उधमपुर शामिल हैं। रियासी, रामबन, डोडा, कटरा, रामनगर, हीरानगर, गूल और बनिहाल में भी मध्यम बारिश की रिपोर्ट आई है।

यात्रा पर रोक
हादसे के तुरंत बाद वैष्णो देवी यात्रा रोक दी गई। सुबह से ही हिमकोटी मार्ग बारिश की वजह से बंद था और सुरक्षा कारणों से बाद में पुराना मार्ग भी बंद कर दिया गया। वहीं, जम्मू प्रशासन ने बाढ़ के खतरे को देखते हुए रात में लोगों की आवाजाही पर पाबंदी लगा दी है। लगातार बारिश से नदियों और नालों का जलस्तर खतरनाक स्तर तक बढ़ गया है। कई जगहों पर अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड्स) की स्थिति बन गई है।
कठुआ में साहड़ खड्ड नदी पर बना पुल जलस्तर बढ़ने से क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे जम्मू-पठानकोट हाईवे पर यातायात बाधित हुआ। स्थानीय प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Related Articles

Back to top button