छत्तीसगढ़

अस्पताल में हंगामा, शराब के लिए पैसे मांग कर गाली-गलौज करने वाला आरोपी गिरफ्तार

गर्भवती महिलाओं की फोटो खींचने का भी आरोप, बलौदा पुलिस ने चंद घंटों में दबोचा

जांजगीर-चांपा, 11 अप्रैल 2026। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में अस्पताल परिसर में अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी लव कुमार तिवारी ने 10 अप्रैल 2026 को थाना बलौदा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 9 अप्रैल को सुबह करीब 11 बजे वह शासकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जर्वे (ब) में मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी कृष्ण मोहन पाण्डेय उर्फ अंकु पाण्डेय अपने कुत्ते को लेकर अस्पताल पहुंचा और उसका वजन कराने लगा।

आरोप है कि इस दौरान वह अस्पताल में आई गर्भवती महिलाओं की फोटो खींच रहा था। जब प्रार्थी ने उसे ऐसा करने से रोका, तो आरोपी ने शराब पीने के लिए पैसे मांगने शुरू कर दिए। पैसे देने से मना करने पर उसने मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां दीं और अभद्र व्यवहार किया।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 150/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 119(1) और 296 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

इसके बाद 11 अप्रैल 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Related Articles

Back to top button