छत्तीसगढ़

महिला आरक्षण से आधी आबादी को मिलेगा पूरा हक, निर्णय प्रक्रिया में बढ़ेगी भागीदारी – CM विष्णुदेव साय

‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ में PM मोदी के संबोधन को सुनकर बोले मुख्यमंत्री, महिलाओं की भागीदारी से मजबूत होगा लोकतंत्र

रायपुर/ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महिला आरक्षण को देश की आधी आबादी के लिए ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे महिलाओं को उनका पूरा अधिकार मिलेगा और निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ेगी।

1776076092 511e7e7f9931b704d353 Console Crptech

मुख्यमंत्री साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में नई दिल्ली के विज्ञान भवन से प्रसारित ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन को सुना। इस दौरान उन्होंने इसे देश की मातृशक्ति के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बताया।

उन्होंने कहा कि यह पहल भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को अधिक समावेशी और सशक्त बनाने की दिशा में निर्णायक साबित होगी। मुख्यमंत्री के अनुसार, “पंचायत से पार्लियामेंट तक” महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना नए भारत की स्पष्ट झलक है।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि 16 अप्रैल को संसद में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पर होने वाली चर्चा इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की सीधी भागीदारी बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक परंपरा में महिलाओं को हमेशा उच्च स्थान दिया गया है और वैदिक काल से ही समाज निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आज सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से इस परंपरा को और मजबूती मिल रही है, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं।

छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए सरकार ने कई अहम कदम उठाए हैं। स्थानीय निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण से महिलाओं को नेतृत्व का अवसर मिला है, जिसका सकारात्मक असर जमीनी स्तर पर दिख रहा है। इसके अलावा ‘महतारी वंदन योजना’ जैसी पहल महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बना रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भी एक सुखद संयोग है कि जब देश में महिला आरक्षण पर चर्चा हो रही है, उसी समय छत्तीसगढ़ ‘महतारी गौरव वर्ष’ मना रहा है। उन्होंने प्रदेश की मातृशक्ति से आह्वान किया कि वे हर मंच पर अपनी आवाज बुलंद करें और इस बदलाव की यात्रा में सक्रिय भूमिका निभाएं।

अंत में उन्होंने कहा कि जब नारी सशक्त होती है, तभी राष्ट्र सशक्त बनता है और अब समय है कि महिलाओं को विकास की मुख्यधारा में निर्णायक भूमिका दी जाए।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button