छत्तीसगढ़

सोशल मीडिया दोस्ती बनी जाल: होटल बुलाकर महिला ने नाबालिग से किया अनाचार, गिरफ्तार

 छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला पर नाबालिग बालक के साथ अनाचार करने का आरोप लगा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और पोक्सो एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

कबीरधाम / जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज और गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक महिला द्वारा नाबालिग बालक के साथ अनाचार किए जाने की शिकायत दर्ज की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रार्थी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, उसकी पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से आरोपी महिला से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और मुलाकात का सिलसिला शुरू हो गया, जिससे दोस्ती हो गई।

बताया जा रहा है कि 1 अप्रैल 2026 को आरोपी महिला ने नाबालिग बालक को भोरमदेव रोड स्थित एक होटल में बुलाया। वहां उसने भावनात्मक दबाव और मानसिक प्रलोभन देकर बालक के साथ अनाचार की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी महिला ने पीड़ित को डराया-धमकाया, जिसके चलते वह मानसिक रूप से दबाव में आ गया और तुरंत शिकायत दर्ज नहीं करा सका।

कुछ समय बाद हिम्मत जुटाकर पीड़ित ने सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही कबीरधाम पुलिस ने बिना देरी किए अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। इस मामले में पोक्सो (POCSO) अधिनियम के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button