छत्तीसगढ़

Chhattisgarh: लिफ्ट देकर महिला स्वास्थ्य कर्मी से छेड़छाड़, विरोध पर चलती कार से फेंका

कांकेर, 8 मार्च 2026:  छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से ठीक एक दिन पहले एक महिला के साथ शर्मनाक घटना सामने आई। कांकेर से  भानुप्रतापपुर  लौट रही स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत महिला को भानुप्रतापपुर की ओर जाते समय एक कार में सवार दो युवकों ने छेड़छाड़ की।

जानकारी के अनुसार, महिला माकड़ी तिराहा पर वाहन का इंतजार कर रही थी, तभी एक ईको कार पहुंची। महिला सहित तीन यात्री कार में सवार हुए। भानुप्रतापपुर से करीब 15 किलोमीटर पहले दो यात्री उतर गए और कार में अकेली महिला के साथ दोनों आरोपियों ने छेड़छाड़ शुरू कर दी।

महिला ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे चलती कार से फेंक दिया। आसपास के लोगों ने महिला को भानबेड़ा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर भानुप्रतापपुर थाना प्रभारी ने पुलिस टीम को अलर्ट किया। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी हरेंद्र पोया और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कार को धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र से चोरी किया था। पुलिस ने कार जब्त कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है और लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Back to top button