जांजगीर-चांपा: पामगढ़ के कुटरा में जुए पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 11 आरोपी गिरफ्तार; ₹22,300 नगद और 5 बाइक जब्त

जांजगीर-चांपा के पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कुटरा में पुलिस ने जुआ खेल रहे 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। ₹22,300 नगद, 52 पत्ती ताश और 5 बाइक जब्त की गई।
जांजगीर-चांपा / जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई ग्राम कुटरा में की गई, जहां आरोपी कथित रूप से जुआ खेल रहे थे।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में जिले में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई के क्रम में 1 अक्टूबर 2026 की देर शाम पामगढ़ पुलिस, साइबर थाना और रिस्पांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान कुल 11 आरोपियों को पकड़ा गया। उनके कब्जे और मौके से ₹22,300 नगद, 52 पत्ती ताश और 5 मोटरसाइकिल जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
पकड़े गए आरोपियों में भूपेन्द्र कश्यप, मनमोहन, बेनीराम निषाद, अमन बर्मन, मुकेश कुमार कश्यप, आशीष कुमार कश्यप, आर्यन सिंह राठौर, आलोक राठौर, राजन कुमार लहरे, सोहित कुमार कश्यप और दिनेश कश्यप शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी अलग-अलग स्थानों के निवासी हैं।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई में पामगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, साइबर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा, कंट्रोल रूम प्रभारी सुशील पटेल सहित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि जिले में जुआ-सट्टा समेत अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।





