पुलिस अभिरक्षा से आरोपी फरार, सुरक्षा ड्यूटी में लापरवाही पर आरक्षक निलंबित

जांजगीर-चांपा के मुलमुला थाने की अभिरक्षा से अवैध शराब बिक्री का आरोपी फरार हो गया। सुरक्षा ड्यूटी में लापरवाही पर एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने आरक्षक को निलंबित कर दिया।
जांजगीर-चांपा, 23 अगस्त 2026। मुलमुला थाना पुलिस की अभिरक्षा से अवैध शराब बिक्री के मामले में गिरफ्तार आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस विभाग ने सुरक्षा ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले आरक्षक के खिलाफ कार्रवाई की है। एसपी विजय कुमार पाण्डेय, IPS ने आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र जांजगीर संबद्ध कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, थाना मुलमुला में फणेन्द्र सिंह (33 वर्ष), निवासी अमोरा, के खिलाफ अवैध शराब बिक्री के मामले में आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया था। आरोपी को थाना परिसर में अभिरक्षा में रखा गया था और उसकी सुरक्षा के लिए आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया की ड्यूटी लगाई गई थी।
बताया गया कि 22 अगस्त 2026 को सुबह करीब 3 बजे से 6 बजे के बीच आरोपी थाना अभिरक्षा से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
सुरक्षा ड्यूटी में लापरवाही पर आरक्षक निलंबित
आरोपी की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया द्वारा कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरते जाने पर एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर रक्षित केंद्र जांजगीर संबद्ध किया है।
फरार आरोपी के खिलाफ अलग मामला दर्ज
पुलिस ने फरार आरोपी फणेन्द्र सिंह के विरुद्ध धारा 262 BNS के तहत मामला दर्ज कर उसकी पतासाजी शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आरोपी की संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है।





