छत्तीसगढ़

मोबाइल बैटरी ब्लास्ट से 1 साल के मासूम की मौत, खेलते समय हुआ दर्दनाक हादसा

मोबाइल बैटरी बनी मौत का कारण!

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। मोबाइल की पुरानी बैटरी फटने से एक साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। घटना प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर गांव की बताई जा रही है।

खेलते समय हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, ब्रह्मपुर गांव निवासी महेंद्र सिंह नेताम का एक वर्षीय पुत्र आदित्य सिंह 31 मई की शाम अपने भाई-बहनों और गांव के अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान बच्चों को कहीं से मोबाइल की एक पुरानी और खराब बैटरी मिल गई।

शाम करीब 5 बजे अचानक बैटरी में जोरदार विस्फोट हो गया। विस्फोट की चपेट में आने से आदित्य सिंह गंभीर रूप से झुलस गया। उसके चेहरे, सीने, पेट और हाथों पर गंभीर चोटें आईं।

इलाज के दौरान हुई मौत

घटना के बाद परिजन घायल बच्चे को तत्काल प्रेमनगर अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे सूरजपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालत गंभीर होने पर बाद में उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान 1 जून की सुबह करीब 4 बजे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया। मामले में पुलिस जांच कर रही है।

लोगों से सावधानी बरतने की अपील

इस दर्दनाक घटना के बाद लोगों से अपील की जा रही है कि खराब या पुरानी मोबाइल बैटरियों को बच्चों की पहुंच से दूर रखें। इलेक्ट्रॉनिक कचरे और बैटरियों के प्रति लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

Related Articles

Back to top button