अग्निवीर भर्ती में जांजगीर-चांपा जिले के 145 युवा चयनित, कलेक्टर ने दी बधाई

जांजगीर-चांपा / Chhattisgarh के Janjgir-Champa जिले के युवाओं ने भारतीय थलसेना की अग्निवीर भर्ती में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। मई-जून 2025 में आयोजित ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (CEE) और इसके बाद हुए शारीरिक दक्षता परीक्षण में जिले के 145 युवाओं का अंतिम चयन अग्निवीर थलसेना के लिए हुआ है।

डिप्टी कलेक्टर एवं जिला खेल अधिकारी सुब्रत प्रधान ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के 14 युवाओं का चयन टेरिटोरियल आर्मी में तथा 5 युवाओं का चयन क्लर्क पद के लिए भी हुआ है। सीईई परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का शारीरिक दक्षता परीक्षण 10 जनवरी 2026 से 24 जनवरी 2026 तक धमतरी में आयोजित किया गया था।
जिला प्रशासन की विशेष पहल के तहत युवाओं को सेना भर्ती के लिए तैयार करने हेतु आवासीय शारीरिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया था। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में भूतपूर्व सैनिक संघ के सहयोग से 9 सितंबर 2025 से 10 जनवरी 2026 तक यह प्रशिक्षण शिविर संचालित किया गया। शिविर में जिले के 199 युवाओं ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को प्रतिदिन सुबह 5 बजे से 9 बजे तक और शाम 4 बजे से 7 बजे तक सेना भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के अनुरूप अभ्यास कराया गया। इसमें दौड़, बीम, बैलेंसिंग बीम, लंबी कूद, गड्ढा कूद, ऊंचाई मापन समेत विभिन्न गतिविधियों का गहन प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही भूतपूर्व सैनिक संघ द्वारा युवाओं को अनुशासन और फिटनेस के प्रति प्रेरित किया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम अब देखने को मिला है।
कलेक्टर महोबे ने चयनित सभी युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता युवाओं की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जिले के अन्य युवाओं को भी इससे प्रेरणा मिलेगी और वे भविष्य में सेना भर्ती के लिए आगे आएंगे। कलेक्टर ने सभी चयनित युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।





