46 डिग्री की तपिश में 158वें दिन भी अनशन पर 2300 डीएड अभ्यर्थी, हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी नियुक्ति नहीं
शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर नया रायपुर में जारी आंदोलन, एक अभ्यर्थी दो महीने से अस्पताल में भर्ती; सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी नया रायपुर स्थित तूता धरना स्थल पर 2300 डीएड अभ्यर्थियों का अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शनिवार को 158वें दिन भी जारी रहा। भीषण गर्मी और 46 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच अभ्यर्थी सहायक शिक्षक पद पर नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि माननीय उच्च न्यायालय द्वारा पात्र डीएड अभ्यर्थियों के मामले में दो माह के भीतर निर्णय लेकर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी सरकार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
आंदोलनकारियों के अनुसार लंबे समय से जारी धरने और मानसिक तनाव के कारण कई अभ्यर्थियों का स्वास्थ्य प्रभावित हुआ है। अभ्यर्थी शैलेंद्र साहू पिछले दो माह से रायपुर के एक निजी अस्पताल में उपचाररत हैं। आंदोलनकारी युवाओं का कहना है कि लगातार बिगड़ती परिस्थितियों के बावजूद शासन-प्रशासन उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रहा है।
अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव द्वारा दिए गए समाधान के आश्वासन का भी उल्लेख करते हुए कहा कि अब तक कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया है। इससे आंदोलनकारियों में नाराजगी बढ़ रही है।
डीएड अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि जब तक 2300 पदों पर सहायक शिक्षक नियुक्ति का आदेश जारी नहीं किया जाता, तब तक उनका आमरण अनशन जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी शासन और संबंधित विभाग की होगी।





