उधारी रकम की वसूली के लिए घर में घुसकर की मारपीट, 3 आरोपी जेल भेजे गए

रायगढ़, 14 जून 2026। रायगढ़ पुलिस ने उधारी रकम की जबरन वसूली, घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में कुख्यात बदमाश कपिल सोलंकी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार आशीर्वाद पूरम कॉलोनी निवासी 52 वर्षीय कमलेश सिंह ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कोयला ट्रांसपोर्टिंग व्यवसाय से जुड़े होने के दौरान कुडेकेला निवासी ललेश अग्रवाल का करीब 7 लाख रुपये भुगतान आर्थिक तंगी के कारण पिछले तीन वर्षों से नहीं कर पाए थे।
शिकायत में बताया गया कि 11 जून 2026 की दोपहर आरोपी कपिल सोलंकी अपने दो साथियों मनीष परियानी और गिरीश माखीजा के साथ उनके घर पहुंचा। आरोपियों ने घर में जबरन प्रवेश कर 10 लाख रुपये की मांग की और पैसे नहीं देने पर हत्या कराने की धमकी दी। विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़ित के साथ डंडे, हाथ और मुक्कों से मारपीट की।
पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 315/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। कोतवाली पुलिस ने लगातार दबिश देकर मुख्य आरोपी कपिल सोलंकी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपने साथी मनीष परियानी और गिरीश माखीजा की संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड लंबा
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी कपिल सोलंकी थाना कोतवाली क्षेत्र का चिन्हित गुंडा बदमाश है। उसके खिलाफ वर्ष 2014 से अब तक पॉक्सो एक्ट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, बलवा और मारपीट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
वहीं मनीष परियानी के खिलाफ लूट, प्रताड़ना, मारपीट, आबकारी एक्ट और जुआ एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। उसके विरुद्ध पूर्व में जिला बदर की कार्रवाई भी हो चुकी है।
तीसरे आरोपी गिरीश माखीजा के खिलाफ जुआ, सट्टा और मारपीट के कई प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस द्वारा उसे भी गुंडा सूची में शामिल करने की प्रक्रिया की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
- कपिल सोलंकी (36 वर्ष), गुजरातीपारा, रायगढ़
- मनीष परियानी (34 वर्ष), सिंधी कॉलोनी, रायगढ़
- गिरीश माखीजा (38 वर्ष), सिंधी कॉलोनी, रायगढ़





