CHHATTISGARH: छात्रावास की 3 छात्राएं गर्भवती, मचा हड़कंप
गंगालूर के छात्रावास का मामला, जांच के लिए पुलिस पहुंची; देखरेख और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गंगालूर स्थित पोटा केबिन छात्रावास में पढ़ने वाली तीन छात्राएं गर्भवती पाई गई हैं। बताया जा रहा है कि तीनों छात्राएं करीब पांच माह की गर्भवती हैं। इनमें से दो छात्राएं नाबालिग बताई जा रही हैं। मामला सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया है और छात्रावास की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
छात्रावास से निकाली गईं छात्राएं
जानकारी के अनुसार, गर्भवती पाए जाने के बाद तीनों छात्राओं को छात्रावास से बाहर कर दिया गया था। बताया जा रहा है कि इनमें से दो छात्राएं 12वीं कक्षा में पढ़ रही थीं, जबकि एक छात्रा 11वीं कक्षा की है। 12वीं कक्षा की छात्राएं हाल ही में बोर्ड परीक्षा में भी शामिल हुई थीं।
स्वास्थ्य विभाग ने बनाया गर्भवती कार्ड
जांच के दौरान यह बात भी सामने आई है कि तीनों छात्राओं के लिए स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा गर्भवती कार्ड भी बनाया गया है। इससे यह संकेत मिलता है कि मामला कुछ समय से संबंधित विभागों की जानकारी में हो सकता है।
अधीक्षिका ने दी सफाई
इस पूरे मामले को लेकर छात्रावास की अधीक्षिका ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह घटना उनके कार्यकाल की नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि संबंधित छात्राएं कई बार छात्रावास से अनुपस्थित रहती थीं।
सुरक्षा और निगरानी पर उठे सवाल
घटना के बाद अब यह बड़ा सवाल उठ रहा है कि छात्रावास में रहने वाली छात्राओं की देखरेख में इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई। साथ ही यह भी पूछा जा रहा है कि आखिर इस मामले के लिए जिम्मेदार कौन है।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस भी सक्रिय हो गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम पोटा केबिन छात्रावास पहुंचकर संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरी जांच के बाद ही मामले का सच सामने आएगा।





