छत्तीसगढ़

बारात में बाजा बजाने को लेकर बवाल, मारपीट में 4 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा के पौना गांव में बारात के दौरान विवाद बढ़ा, कई घायल, एक की हालत गंभीर

जांजगीर-चांपा, 19 अप्रैल 2026। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र में बारात के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ग्राम पौना में बाजा बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया, जिसमें कई बाराती घायल हो गए। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी देवराज बरेठ (निवासी ग्राम खोखरा, थाना जांजगीर) ने थाना मुलमुला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल 2026 को वे बारात के साथ ग्राम पौना पहुंचे थे। बाराती स्कूल पारा के पास बाजा बजाते हुए नाच-गाना कर रहे थे, तभी गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और बाजा बंद करने को लेकर विवाद करने लगे।

देखते ही देखते बात गाली-गलौच से आगे बढ़कर मारपीट में बदल गई। आरोपियों ने बारातियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे मनेश्वर यादव समेत अन्य लोगों को भी निशाना बनाया गया।

गंभीर रूप से घायल, बिलासपुर रेफर

इस हमले में प्रार्थी के सिर पर प्राणघातक वार किया गया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। वहीं धनंजय यादव की आंख में गंभीर चोट आई। सभी घायलों को जिला अस्पताल जांजगीर ले जाया गया, जहां से धनंजय यादव की हालत गंभीर होने पर उसे सिम्स अस्पताल बिलासपुर रेफर किया गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही मुलमुला पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  • नरेन्द्र उर्फ लालू नंगरा कश्यप (24 वर्ष)
  • सरोज कश्यप (20 वर्ष)
  • विमल कश्यप (22 वर्ष)
  • संजय कश्यप (27 वर्ष)
    (सभी निवासी ग्राम पौना, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा)

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय के नेतृत्व में ASI प्रमोद महार, प्रधान आरक्षक बलवीर सिंह राज, राजमणि द्विवेदी, आरक्षक मनभावन पटेल एवं भूपेंद्र कंवर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button