छत्तीसगढ़

साय कैबिनेट के 7 बड़े फैसले: 500 करोड़ AI मिशन, BEML प्लांट समेत कई अहम निर्णय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में हुई छत्तीसगढ़ कैबिनेट बैठक में 500 करोड़ के AI मिशन, BEML प्लांट, WAMIS सिस्टम, ग्रामीण सड़क योजना में बदलाव, ADB अनुदान और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े 7 बड़े फैसलों को मंजूरी मिली।

रायपुर, 5 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की बैठक में राज्य के विकास, डिजिटल गवर्नेंस, उद्योग, ग्रामीण अधोसंरचना और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों को मंजूरी दी गई। कैबिनेट ने कुल सात बड़े निर्णय लिए, जिनका उद्देश्य रोजगार, निवेश, पारदर्शिता और सुशासन को बढ़ावा देना है।

1785913453 43ff4a92b8108af7a5de Console Crptech

500 करोड़ रुपये का AI मिशन होगा शुरू

कैबिनेट ने छत्तीसगढ़ राज्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मिशन’ को मंजूरी दी है। पांच वर्षों में 500 करोड़ रुपये की लागत से संचालित होने वाले इस मिशन के तहत 100 AI डेटा लैब, 5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 300 से अधिक AI स्टार्टअप्स को सहयोग दिया जाएगा। साथ ही 6 लाख विद्यार्थियों और 1.5 लाख सरकारी कर्मचारियों को AI का प्रशिक्षण मिलेगा तथा 50 से अधिक AI आधारित सरकारी सेवाएं विकसित की जाएंगी।

BEML लगाएगा राज्य का पहला हैवी अर्थ मूविंग इक्विपमेंट प्लांट

कैबिनेट ने भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (BEML) को रियायती दर पर भूमि आवंटित करने की मंजूरी दी है। राज्य में पहली बार हैवी अर्थ मूविंग इक्विपमेंट निर्माण संयंत्र स्थापित होगा, जिससे बड़े निवेश, स्थानीय रोजगार और MSME सेक्टर को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

PWD में लागू होगी WAMIS डिजिटल प्रणाली

लोक निर्माण विभाग में निर्माण कार्यों की पारदर्शिता बढ़ाने के लिए वर्क्स एंड अकाउंट मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम (WAMIS) लागू किया जाएगा। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से स्वीकृति, ई-प्राक्कलन, ई-प्रोक्योरमेंट, ई-मेजरमेंट बुक, बिल भुगतान और गुणवत्ता निगरानी जैसी सभी प्रक्रियाएं ऑनलाइन संचालित होंगी।

मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना में संशोधन

कैबिनेट ने ग्रामीण क्षेत्रों में सीसी सड़क और नाली निर्माण को आसान बनाने के लिए दिशा-निर्देशों में संशोधन किया है। अब सड़क निर्माण से पहले मनरेगा के तहत मिट्टी कार्य की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है। साथ ही योजना का दायरा बढ़ाकर अधिक ग्रामीण मार्गों को शामिल किया गया है।

ADB देगा 15 करोड़ रुपये का अनुदान

कैबिनेट ने अंजोर LIGHT’ परियोजना के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) से 15 करोड़ रुपये का पूर्ण अनुदान स्वीकार करने का निर्णय लिया है। तीन वर्ष की इस परियोजना में राज्य सरकार पर कोई अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं पड़ेगा। इसके तहत सार्वजनिक वित्त प्रबंधन, PPP, ग्रीन फाइनेंस और विजन-2047 की परियोजनाओं पर काम किया जाएगा।

State Single Nodal Agency (S-SNA) मॉडल लागू

राज्य योजनाओं की राशि के पारदर्शी और प्रभावी उपयोग के लिए S-SNA मॉडल लागू किया जाएगा। अब योजनाओं का भुगतान केंद्रीकृत मदर अकाउंट के माध्यम से सीधे हितग्राहियों और वेंडरों को किया जाएगा। इससे वित्तीय अनुशासन मजबूत होगा और निष्क्रिय राशि व बैंकिंग धोखाधड़ी जैसी समस्याओं पर नियंत्रण मिलेगा।

CSPGCL जारी करेगा 200 करोड़ रुपये के बॉन्ड

कैबिनेट ने छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड (CSPGCL) को 200 करोड़ रुपये तक के नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर (NCD)/बॉन्ड जारी कर स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध करने की मंजूरी दी है। इससे ऊर्जा क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा और राज्य के विद्युत अवसंरचना विकास को गति मिलेगी।

Related Articles

Back to top button