Crime

JANJGIR CHAMPA: राइस मिल से 50 कट्टी धान चोरी, 8 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा के पामगढ़ में सिद्धि विनायक राइस मिल से 50 कट्टी धान चोरी के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर 65 कट्टी धान, वाहन और नकदी बरामद की।

जांजगीर-चांपा, 16 जून 2026। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित सिद्धि विनायक राइस मिल में हुई धान चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में 8 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 65 कट्टी धान, एक पिकअप वाहन, स्कूटी, मोटरसाइकिल और 21 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 14 जून की रात चंडीपारा स्थित सिद्धि विनायक राइस मिल में चोरी की घटना हुई थी। रात करीब 9 बजे मिल का चौकीदार भोजन करने मुख्य गेट की ओर गया था। इसी दौरान चोरों ने पीछे की फेंसिंग काटकर मिल परिसर में प्रवेश किया और धान की बोरियां चोरी कर लीं।

कुछ देर बाद चौकीदार ने निरीक्षण के दौरान फेंसिंग के बाहर खेत में धान की बोरियां और बिखरा हुआ धान देखा। इसके बाद तत्काल मिल मालिक को सूचना दी गई। अगले दिन जांच में 50 कट्टी धान गायब पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई।

मिल संचालक ऋषि सिंह की शिकायत पर थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 249/2026 दर्ज किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने अकलतरा और चंडीपारा क्षेत्र में दबिश देकर 24 घंटे के भीतर 8 आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर अकलतरा स्थित एक राइस मिल से 65 कट्टी धान बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  • राजा लहरे (26 वर्ष), चंडीपारा, पामगढ़
  • रामकुमार भार्गव (28 वर्ष), अकलतरा
  • कन्हैया सिन्हा उर्फ लाला (26 वर्ष), अकलतरा
  • बीर सिंह बंजारे (24 वर्ष), अकलतरा
  • अजय पाटले (24 वर्ष), अकलतरा
  • लक्ष्मी कुमार सिन्हा (24 वर्ष), अकलतरा
  • शैलेष राय (26 वर्ष), अकलतरा
  • राकेश कुमार साहू (36 वर्ष), चंडीपारा, पामगढ़

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Related Articles

Back to top button