बस्तर से खिलाड़ी निकालने में जुटे सचिन तेंदुलकर, 50 गांवों में बनवा रहे मैदान

मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को भाया छत्तीसगढ़
रायपुर / क्रिकेट के भगवान माने जाने वाले सचिन तेंदुलकर की संस्था ‘सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन’ बस्तर में खेल प्रतिभा निकालने के काम मे जुट गई है। इसके लिए दंतेवाड़ा के 50 गांवों में खेल मैदान बनाए जा रहै है, यह संस्था 24 मार्च 2025 से मानदेशी फाउंडेशन के साथ मिलकर काम कर रही है। इसके तहत मैदान कप का आयोजन कर रही है। इसमें 10 हजार बच्चे भाग लेंगे, जिसमें 40 प्रतिशत बालिकाएं होंगी। बच्चे क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी और दौड़ में जोर दिखाएंगे।
दंतेवाड़ा का नाम सुनते ही जहन में एक तस्वीर उभरती है, घने जंगल, आदिवासी जीवन और नक्सली गतिविधियों की छाया, लेकिन अब इस तस्वीर में बदलाव होने जा रहा है। महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर की प्रेरणा और मानदेशी फाउंडेशन की साझेदारी से बस्तर के गांवों में 50 खेल मैदानों का निर्माण हो रहा है, जो वहां के बच्चों और युवाओं के लिए एक नई दिशा तय करेंगे।
इस परियोजना का उद्देश्य न केवल खेल प्रतिभाओं को निखारना है, बल्कि ग्रामीण अंचल में शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक समावेश को भी बढ़ावा देना है। सचिन तेंदुलकर का मानना है कि खेल जीवन को अनुशासित बनाते हैं और युवाओं में नेतृत्व क्षमता, टीम वर्क और आत्मविश्वास जैसे गुणों को विकसित करते हैं।