जांजगीर चाम्पा

जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस, मुख्य अतिथि वित्तमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने फहराया ध्वज, ली परेड की सलामी

Republic Day 2026

जांजगीर–चांपा, 26 जनवरी 2026/ जिले में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। हाई स्कूल मैदान जांजगीर में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि वित्त, वाणिज्य कर, आवास एवं पर्यावरण, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी तथा जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली।

IMG 20260126 WA0311 Console Crptech

कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायर किया गया तथा शांति एवं उत्साह के प्रतीक गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा आम नागरिकों के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया गया।

प्रभारी मंत्री चौधरी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों, परेड एवं झांकी में विजेता टीमों को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

परेड एवं झांकी में उत्कृष्ट प्रदर्शन

परेड सीनियर वर्ग में जिला पुलिस बल ने प्रथम, जिला महिला पुलिस बल ने द्वितीय एवं 11वीं बटालियन सीएएफ भारत रक्षित ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में एनसीसी ट्रूप नंबर 325 (बालक) शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 जांजगीर ने प्रथम, एनसीसी ट्रूप 325 (बालिका) ने द्वितीय तथा एनसीसी ज्ञानदीप उ.मा.वि. जांजगीर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महाविद्यालय वर्ग में एनसीसी बालक टीसीएल महाविद्यालय जांजगीर प्रथम तथा एनसीसी बालिका टीसीएल महाविद्यालय जांजगीर द्वितीय स्थान पर रहे।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में मनका पब्लिक स्कूल प्रथम

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मनका पब्लिक स्कूल चांपा को प्रथम, ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल बनारी को द्वितीय तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय ससहा को तृतीय स्थान प्रदान किया गया।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की झांकी प्रथम

विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत विकास कार्यों पर आधारित झांकियों में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को प्रथम, पुलिस विभाग को द्वितीय एवं कृषि एवं उद्यानिकी विभाग को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

शहीदों को दी श्रद्धांजलि

गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि ओ.पी. चौधरी ने कचहरी चौक स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया।

कार्यक्रम में रहे उपस्थित

इस अवसर पर विधायक ब्यास कश्यप, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व सांसद गुहाराम अजगले, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सतीश सिंह एवं दीपक यादव द्वारा किया गया।

Related Articles

Back to top button