जांजगीर-चांपा में ACB की बड़ी कार्रवाई, अतिरिक्त तहसीलदार और पटवारी 35 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

जांजगीर-चांम्पा / जिले के पामगढ़ तहसील कार्यालय से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त तहसीलदार करुणा आहेर और पटवारी आयुष ध्रुव को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों अधिकारियों ने चोरभट्टी धान उपार्जन केंद्र के प्रभारी से एक शासकीय कार्य को निपटाने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। लंबे समय से अधिकारियों की मांग से परेशान धान केंद्र प्रभारी ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की, जिसके बाद ACB ने पूरे मामले की सत्यता की जांच कर ट्रैप की योजना बनाई।
योजना के तहत आज शिकायतकर्ता को तयशुदा रिश्वत की रकम 35 हजार रुपये के साथ तहसील कार्यालय भेजा गया। ACB की टीम पहले से ही सादी वर्दी में आसपास तैनात थी। जैसे ही अतिरिक्त तहसीलदार और पटवारी ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, ACB की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान तहसील कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ACB ने रिश्वत की रकम जब्त कर ली है और दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद जिले के प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में भी खलबली मची हुई है। आम लोगों का कहना है कि तहसील जैसे महत्वपूर्ण कार्यालय में इस तरह की घूसखोरी बेहद गंभीर मामला है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
ACB अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर रिश्वतखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





