छत्तीसगढ़

बिलासपुर पुलिस रेंज में बड़ा नवाचार: ‘अनुभव’ QR कोड लॉन्च, अब जनता सीधे IG को दे सकेगी फीडबैक

थानों की व्यवस्था पर आमजन देंगे रियल-टाइम फीडबैक, पहचान रखना होगा पूरी तरह वैकल्पिक

बिलासपुर, 5 फरवरी 2027। बिलासपुर पुलिस रेंज ने पुलिसिंग को और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जन-केंद्रित बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल की है। पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग की परिकल्पना से विकसित अनुभव’ QR कोड सिस्टम का आज विधिवत शुभारंभ किया गया।

IMG 20260205 WA0354 Console Crptech

यह शुभारंभ बिलासपुर पुलिस लाइन स्थित चेतना हॉल में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में संभाग आयुक्त अनिल जैन, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं DIG व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर बिलासपुर रेंज के सभी जिलों—कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, जीपीएम, सारंगढ़ और सक्ती—के पुलिस अधीक्षक वर्चुअली शामिल हुए।

QR कोड स्कैन कर सीधे दें फीडबैक

‘अनुभव’ QR कोड को स्कैन करने पर एक सरल गूगल फॉर्म खुलेगा, जिसके माध्यम से आम नागरिक थाने एवं पुलिस कार्यालयों में मिले अपने अनुभव को साझा कर सकेंगे। यह फीडबैक सीधे पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय तक पहुंचेगा।
फीडबैक देने वाले व्यक्ति के लिए नाम और मोबाइल नंबर देना पूरी तरह वैकल्पिक रखा गया है, जिससे गोपनीयता बनी रहे।

IG रामगोपाल गर्ग बोले – तकनीक से जुड़ना समय की मांग

पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि अब समय आ गया है जब पुलिस को तकनीकी रूप से और अधिक सक्षम बनना होगा। उन्होंने कहा कि सरल तकनीक के माध्यम से जनता को अपनी बात रखने का अवसर देना ही ‘अनुभव’ की मूल भावना है।

IMG 20260205 WA0345 Console Crptech

उन्होंने जानकारी दी कि आज से बिलासपुर रेंज के सभी 8 जिलों के प्रत्येक थाने में QR कोड स्थापित कर दिए गए हैं।

कलेक्टर और संभाग आयुक्त ने की पहल की सराहना

जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि यह पहल आम नागरिकों को बिना किसी दफ्तर के चक्कर लगाए, सीधे अपनी समस्या और अनुभव वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर देगी।
वहीं संभाग आयुक्त अनिल जैन ने कहा कि हम जनता के सेवक हैं और हमारे काम का मूल्यांकन भी जनता द्वारा ही होना चाहिए।

SSP बोले – फीडबैक के आधार पर होंगे सुधार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने बताया कि जिले के सभी थानों में ‘अनुभव’ QR कोड लगाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि थानों में आने वाले फरियादियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार किए जाएंगे।

कार्यक्रम में रायगढ़, मुंगेली और कोरबा के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी इस पहल को पुलिसिंग को और बेहतर बनाने वाला नवाचार बताया।

वीडियो प्रेजेंटेशन और गरिमामय उपस्थिति

कार्यक्रम के दौरान ‘अनुभव’ प्रणाली की उपयोगिता पर एक वीडियो प्रेजेंटेशन भी प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर शहर के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर द्वारा अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट किए गए।

जनता से अपील

आईजी रामगोपाल गर्ग ने आम जनता से अपील की है कि वे सही, वास्तविक और निष्पक्ष फीडबैक दें। अच्छा अनुभव हो तो उसे भी साझा करें और यदि कोई कमी हो तो निडर होकर बताएं, ताकि व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।

आज से ही ‘अनुभव’ QR कोड प्रणाली बिलासपुर रेंज के सभी जिलों के सभी थानों में लागू कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button