छत्तीसगढ़

JANJGIR CHAMPA NEWS: दहेज प्रताड़ना से तंग आकर नवविवाहिता की आत्महत्या, पति सहित सास-ससुर गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर

जांजगीर-चांपा / जिले के थाना मुलमुला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नरियरा में दहेज प्रताड़ना से तंग आकर नवविवाहिता द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार मृतिकाजागृति श्रीवास का विवाह वर्ष 2024 में सामाजिक रीति-रिवाज से महेश कुमार श्रीवास निवासी ग्राम नरियरा के साथ हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज को लेकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि पति द्वारा लगातार मारपीट कर शारीरिक प्रताड़ना भी दी जाती थी।

कीटनाशक सेवन से हुई मौत

दिनांक 08 दिसंबर 2025 को पति द्वारा मारपीट तथा सास-ससुर द्वारा गाली-गलौज से परेशान होकर जागृति श्रीवास ने घर में रखे “Zura” नामक कीटनाशक का सेवन कर लिया। गंभीर अवस्था में उसे इलाज के लिए सिम्स अस्पताल बिलासपुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

मृतिका नवविवाहिता होने के कारण शव पंचनामा की कार्रवाई कार्यपालिक दंडाधिकारी बिलासपुर द्वारा कराई गई। परिजनों के कथन में दहेज को लेकर लगातार मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना की पुष्टि हुई।

इन धाराओं में दर्ज हुआ अपराध

थाना मुलमुला में मर्ग क्रमांक 03/2026 धारा 194 BNS के तहत जांच उपरांत पति महेश श्रीवास, सास राजकुमारी श्रीवास एवं ससुर अशोक कुमार श्रीवास के विरुद्ध अपराध क्रमांक 36/2025 धारा 80, 3(5) BNS के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर त्वरित गिरफ्तारी

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में तथा एसडीओपी प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में टीम गठित कर आज 10 फरवरी 2026 को ग्राम नरियरा से तीनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने पर विधिवत गिरफ्तारी कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

Related Articles

Back to top button