JANJGIR CHAMPA NEWS: दिनदहाड़े किसान से ₹2.5 लाख की लूट, बाइक सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम – पुलिस ने की नाकेबंदी, आरोपियों की तलाश जारी

धान बिक्री का पैसा लेकर लौट रहे किसान को बनाया निशाना, पुलिस ने की नाकेबंदी, संदिग्धों की तलाश जारी
जांजगीर-चांपा / छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ ब्लॉक अंतर्गत नगर पंचायत राहौद में शुक्रवार दोपहर एक किसान से दिनदहाड़े ₹2.5 लाख की लूट की वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने इस घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, किसान पामगढ़ से धान बिक्री का पैसा निकालकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए पल्सर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने किसान के पास रखे ढाई लाख रुपए छीन लिए और तेज रफ्तार से फरार हो गए।
पुलिस ने की नाकेबंदी, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
घटना के तुरंत बाद किसान ने राहौद पुलिस चौकी में सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर दी गई। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस को CCTV फुटेज में पल्सर सवार दो संदिग्ध युवकों की तस्वीरें मिली हैं। पुलिस टीम फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है। आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है।
दिनदहाड़े लूट से ग्रामीणों में आक्रोश
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से राहौद और आसपास के ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। किसानों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही गिरफ्तारी का दावा कर रही है।





