मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का विद्यार्थियों को संदेश: “ऑल द बेस्ट, प्यारे बच्चों”, आत्मविश्वास के साथ दें परीक्षा
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने परीक्षा दे रहे विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। पढ़ें पूरा संदेश

रायपुर। बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनज़र छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएँ देते हुए आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा देने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा, “ऑल द बेस्ट, प्यारे बच्चों। आप अकेले नहीं हैं, हम सब आपके साथ हैं।”
मुख्यमंत्री ने अपने आत्मीय संदेश में कहा कि परीक्षाएँ जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होती हैं। इस दौरान उत्साह के साथ थोड़ा तनाव भी स्वाभाविक है, लेकिन घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि यदि डर लग रहा है तो इसका अर्थ है कि वे अपने भविष्य को गंभीरता से लेते हैं।
उन्होंने कहा, “डर कमजोरी नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का संकेत है। लेकिन इस डर को अपने आत्मविश्वास पर हावी न होने दें। आपने पूरे वर्ष मेहनत की है। हर दिन का प्रयास और अभ्यास आपकी ताकत है।”
पढ़ाई के साथ स्वास्थ्य का भी रखें ध्यान
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, कठिन विषयों की पुनरावृत्ति और समय प्रबंधन पर जोर देने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने कहा कि पर्याप्त नींद लें, पौष्टिक भोजन करें और परीक्षा के दौरान मोबाइल से दूरी बनाकर लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें।
उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ के विद्यार्थी इस बार भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने परिवार और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।





