सक्ती वन परिक्षेत्र में अवैध लकड़ी भंडारण पर कार्रवाई, दो आरा मशीनों से भारी मात्रा में अर्जुन लकड़ी जब्त

सक्ती। वन परिक्षेत्र सक्ती में अवैध लकड़ी भंडारण के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय टीम द्वारा ग्राम तुषार और जैजैपुर क्षेत्र में संचालित दो आरा मशीनों पर निरीक्षण कर भारी मात्रा में अर्जुन प्रजाति की लकड़ी जब्त की गई।
वन विभाग से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, ग्राम तुषार स्थित श्री राम टिम्बर आरा मशीन के परिसर से 462 नग अर्जुन प्रजाति के लठ्ठे पाए गए, जिनका कुल आयतन 97.200 घन मीटर मापा गया। निरीक्षण के दौरान परिसर से 02 बैंड सॉ मशीन भी जब्त की गईं।
इसी तरह जैजैपुर क्षेत्र में संचालित जी.आर. आरा मशीन की जांच में 530 नग अर्जुन प्रजाति के लठ्ठे बरामद हुए, जिनका कुल आयतन 109.192 घन मीटर आंका गया। यहां से 01 बैंड सॉ मशीन जब्त की गई।
वन अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान लकड़ी के वैध परिवहन अथवा भंडारण संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। दस्तावेजों के अभाव में नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की गई है। संबंधित प्रकरण दर्ज कर आगे की विधिसम्मत जांच जारी है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन संसाधनों के संरक्षण को लेकर नियमित निगरानी और जांच अभियान जारी रहेगा।





