जांजगीर-चांपा में चोरी का बड़ा खुलासा: 3 शातिर चोर गिरफ्तार, 6.25 लाख की ज्वेलरी और मारूती ईको कार जब्त
जांजगीर-चांपा के बिर्रा थाना क्षेत्र में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। 6.25 लाख रुपये के सोना-चांदी के गहने, मोबाइल और मारुति इक्को कार जब्त।

बिर्रा थाना और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई, मारुति इक्को कार सहित सोना-चांदी के गहने व मोबाइल जब्त
जांजगीर-चांपा / जिले के थाना बिर्रा क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के गहने, चोरी हुआ मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मारुति इक्को कार (CG 10 BJ 2180) जब्त की है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 6 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है।

क्या है पूरा मामला?
प्रार्थिया कृष्णो साहू, निवासी तालदेवरी (थाना बिर्रा) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 जनवरी 2026 की रात वह परिवार के साथ घर में सोई थीं। सुबह करीब 4 बजे उठने पर देखा कि कमरे की अलमारी और लॉकर खुले हुए थे।
लॉकर से सोने का लॉकेट ₹6,000 , सोने के टॉप्स ₹73,250 चांदी की पायल (1 जोड़ी) ₹6,750, पुराना मोबाइल ₹3,000 और नगद रकम ₹30,000 सामान चोरी हुआ पाया गया। कुल प्रारंभिक नुकसान लगभग ₹1,19,000 बताया गया। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
पुलिस की रणनीति और कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (भापुसे.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप (रापुसे) के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी चांपा सतरूपा तारम के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई।
थाना बिर्रा स्टाफ और साइबर टीम ने तकनीकी विश्लेषण व मुखबिर सूचना के आधार पर तीन संदेहियों राज कुमार कर्ष (28 वर्ष), जितेंद्र साहू (28 वर्ष), विनोद कुमार कर्ष (39 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
क्या-क्या हुआ बरामद?
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के 2 जोड़ी टॉप्स, सोने का गले का हार (9 फर वाला), चांदी की 2 जोड़ी पायजेब, 1 नग रियलमी मोबाइल (चालू हालत में), घटना में प्रयुक्त मारुति इक्को कार बरामद किया। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग ₹6,25,000 से अधिक आंकी गई है।
आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।





