मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत का रायपुर में किया आत्मीय स्वागत, HNLU दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल

रायपुर, 22 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत के छत्तीसगढ़ आगमन पर पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक राजकीय गमछा, विश्वविख्यात बस्तर दशहरा पर आधारित कॉफी टेबल बुक तथा बेल मेटल से निर्मित भगवान श्रीराम और माता शबरी की आकर्षक प्रतिकृति भेंट की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह गौरव का विषय है कि देश के सर्वोच्च न्यायिक पद पर आसीन मुख्य न्यायाधीश का प्रदेश में आगमन हुआ है। उन्होंने न्यायपालिका की गरिमा, संवैधानिक मूल्यों और न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ करने में सर्वोच्च न्यायालय की भूमिका की सराहना की।
इस अवसर पर भारत के सर्वोच्च न्यायालय के माननीय न्यायाधीश न्यायमूर्ति पी. नरसिम्हा एवं न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा तथा छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा का भी स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
उल्लेखनीय है कि माननीय मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने हेतु छत्तीसगढ़ प्रवास पर आए हैं। विश्वविद्यालय में आयोजित इस दीक्षांत समारोह में विधि के विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी तथा न्यायिक प्रणाली में युवाओं की भूमिका पर विशेष संबोधन भी प्रस्तावित है।
राजधानी रायपुर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक और न्यायिक अधिकारियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमामय बना दिया। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इस तरह के कार्यक्रम राज्य में विधि शिक्षा और न्यायिक जागरूकता को नई दिशा देंगे।





