
समावेशी विकास, कृषि, शिक्षा, अधोसंरचना और बस्तर-सरगुजा के उत्थान पर विशेष जोर
रायपुर / छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को “संकल्प से सिद्धि” का रोडमैप बताते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश के सर्वांगीण विकास, अंत्योदय और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में निर्णायक कदम है। उन्होंने कहा कि सरकार का पहला बजट “ज्ञान” और दूसरा “गति” की थीम पर आधारित था, जबकि इस वर्ष का बजट “संकल्प” की भावना को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट विकसित भारत 2047 के विजन के अनुरूप तैयार किया गया है और इसमें “पॉलिसी से परिणाम” तक की स्पष्ट रणनीति पर जोर दिया गया है।
पांच नए मुख्यमंत्री मिशन की घोषणा
राज्य सरकार मिशन मोड में काम करने के लिए पांच नए मिशन शुरू करेगी—
- मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन
- मुख्यमंत्री एआई मिशन
- मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन
- मुख्यमंत्री स्टार्टअप मिशन
- मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन
इन मिशनों के जरिए प्रदेश को नई दिशा, नई धार और नई गति देने का लक्ष्य रखा गया है।
शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने बताया कि स्कूल शिक्षा के लिए कुल बजट का 13.5 प्रतिशत प्रावधान किया गया है, जो सर्वाधिक है। बस्तर के अबूझमाड़ और जगरगुंडा में दो एजुकेशन सिटी स्थापित की जाएंगी, जिससे दूरस्थ अंचलों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके।
कृषि और किसानों पर बड़ा फोकस
छत्तीसगढ़ को ‘धान का कटोरा’ बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि क्षेत्र के लिए 13,500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
- किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान जारी रहेगा।
- बस्तर और सरगुजा में कृषि व खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए 100 करोड़ रुपए का प्रावधान।
- बकरी पालन, सूअर पालन और मधुमक्खी पालन को प्रोत्साहन।
इंद्रावती नदी पर देवरगांव और मटनार बैराज निर्माण के लिए 2000 करोड़ रुपए से अधिक का प्रावधान किया गया है, जिससे सिंचाई क्षमता बढ़ेगी।
औद्योगिक और शहरी विकास
- 23 नए औद्योगिक पार्कों की स्थापना के लिए 250 करोड़ रुपए
- मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना हेतु 200 करोड़ रुपए
- भूमि विकास बैंक के लिए 200 करोड़ रुपए
यह कदम निवेश संवर्धन और रोजगार सृजन को गति देंगे।
स्वास्थ्य, सुरक्षा और कनेक्टिविटी
- कुनकुरी, मनेन्द्रगढ़, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा और दंतेवाड़ा में मेडिकल कॉलेज संचालन
- जगदलपुर-अंबिकापुर हवाई सेवाओं का विस्तार
- अंदरूनी क्षेत्रों में मुख्यमंत्री बस सेवा
- बस्तर फाइटर्स में 1500 नई भर्तियां
- होमस्टे योजना के लिए 10 करोड़ रुपए
युवाओं और महिलाओं के लिए विशेष प्रावधान
- व्यापम की दक्षता बढ़ाकर भर्ती प्रक्रियाएं तेज की जाएंगी
- छत्तीसगढ़ युवा दर्शन योजना शुरू होगी
- लखपति दीदियों के शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम के लिए प्रावधान
मुख्यमंत्री ने इस बजट को प्रदेशवासियों की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब बताते हुए वित्त मंत्री O. P. Choudhary और उनकी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह बजट छत्तीसगढ़ को समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक ले जाने में मील का पत्थर साबित होगा।





