सेक्स रैकेट का भंडाफोड़: 2 महिलाएं सहित 4 गिरफ्तार
आजाद नगर इलाके में अवैध गतिविधियों का खुलासा, पुलिस ने छापे में पकड़े ग्राहक और संचालिका, नकद बरामद

Firozabad Sex Racket: फिरोजाबाद पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है, जिसमें मुख्य संचालिका और दो ग्राहक सहित चार लोग गिरफ्तार किए गए हैं। यह मामला आजाद नगर इलाके का है, जहां एक स्कूल के पास चल रही अवैध गतिविधियां पुलिस की निगरानी में आईं।
पुलिस को सूचना मिली कि एक घर में गोपनीय और अवैध गतिविधियां चल रही हैं। सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष रमित कुमार आर्य ने अपनी टीम के साथ छापा मारा। जैसे ही पुलिस ने घर में प्रवेश किया, वहां अफरा-तफरी मच गई।
छापे के दौरान पुलिस ने दो युवकों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा, जबकि एक अन्य महिला को भी हिरासत में लिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, घर की मुख्य संचालिका रामश्री देवी, जिसे इलाके में “बंदरिया वाली” के नाम से जाना जाता है, पूरे गिरोह की मुखिया थी।
पुलिस के मुताबिक, रेश्मा नाम की महिला को इस काम के लिए बुलाया गया था, जबकि दिनेश कुमार शर्मा और रामजी ग्राहक के रूप में वहां मौजूद थे।
पूछताछ में क्या हुआ खुलासा?
पुलिस पूछताछ में रामश्री देवी ने अवैध गतिविधियों में शामिल होने की बात स्वीकार की। मौके से 4,800 रुपये नकद बरामद किए गए। पकड़े गए ग्राहकों ने बताया कि उन्होंने प्रति ग्राहक 300 रुपये की दर से सौदा तय किया था।
आगे की कार्रवाई
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। थाना प्रशासन इस मामले की आगे की जांच जारी रखे हुए है और अन्य संभावित सहयोगियों की पहचान करने में जुटा है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें ऐसी अवैध गतिविधियों की जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।





