CHHATTISGARH: होली से पहले किसानों को मिली बड़ी सौगात, खातों में ट्रांसफर हुए 10 हजार 324 करोड़ रुपए
बिलासपुर के रहंगी से वर्चुअल संवाद करते हुए प्रदेश के 25.28 लाख किसानों के खातों में सीधे राशि अंतरित, विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया।

किसानों के सम्मान और समृद्धि के लिए सरकार प्रतिबद्ध
रायपुर / मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखण्ड के रहंगी में आयोजित कृषक उन्नति योजना अंतर्गत आदान सहायता राशि वितरण समारोह एवं वृहद किसान सम्मेलन में प्रदेश के 25.28 लाख किसानों के खातों में 10,324 करोड़ रुपए से अधिक की राशि का अंतरण किया। इसमें बिलासपुर जिले के 1,25,352 किसानों को 494.38 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की गई।

मुख्यमंत्री ने जिले के विकास को नई गति देते हुए 7 विकास कार्यों का लोकार्पण (15.99 करोड़ रुपए की लागत) और 82 विकास कार्यों का शिलान्यास (247.18 करोड़ रुपए की लागत) किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय सहित अन्य अतिथियों का खुमरी और नांगर भेंटकर सम्मान किया गया। साथ ही ‘कृषक उन्नति योजना का वरदान, छत्तीसगढ़ का हर किसान धनवान’ थीम पर आधारित वीडियो का विमोचन किया गया।
मुख्यमंत्री का संबोधन
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज का दिन किसान भाइयों के सम्मान का दिन है। उन्होंने बताया कि 25.28 लाख किसानों ने धान बेचा है और कृषक उन्नति योजना के माध्यम से 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि किसानों के खातों में अंतरित की गई है।
उन्होंने कहा कि किसानों को होली का त्योहार अच्छे से मनाने के लिए होली से पहले यह राशि प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसान हितैषी है और किसानों के लिए प्रगतिशील योजनाएं लगातार लागू की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस बार किसानों को बारदाने की कोई समस्या नहीं हुई और राशि समय पर उनके खातों में पहुंची। इसके अलावा, किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण, कृषक क्रेडिट कार्ड का लाभ, और धान की सर्वाधिक कीमत प्राप्त हो रही है।
भूमिहीन मजदूर और सहकारिता
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भूमिहीन कृषि मजदूरों के खातों में भी राशि अंतरित की जा रही है। खाद में सब्सिडी, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, और सहकारिता को लाभकारी बनाने के प्रयास भी जारी हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसानों को 6,000 रुपए सम्मान निधि प्रदान की जा रही है। इस वर्ष के बजट में कृषि के लिए 13,000 करोड़ रुपए से अधिक का प्रावधान किसानों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता को दर्शाता है।
विकास, खनिज और पर्यटन
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद बस्तर क्षेत्र से समाप्ति की ओर है और मार्च 2026 तक प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री का संकल्प पूरा होगा।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ खनिज संसाधनों से परिपूर्ण राज्य है और खनिजों का समुचित दोहन करके राज्य को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया जा रहा है। पर्यटन और पशुपालन में भी अपार संभावनाएं हैं। एनडीडीबी के समझौते के माध्यम से दुग्ध क्रांति भी छत्तीसगढ़ में शुरू होने वाली है।
महत्वपूर्ण घोषणाएं
मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम में चकरभाटा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन। मंगला में माध्यमिक शाला को हाई स्कूल में उन्नयन। रहंगी के खेल मैदान में बाउंड्रीवॉल और स्टेज निर्माण। सतनामी समाज के सामुदायिक भवन के लिए 50 लाख रुपए। पत्थरखान में आदिवासी समाज के सामुदायिक भवन के लिए 50 लाख रुपए की घोषणाएं कीं।
कृषि मंत्री का संदेश
कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने कहा कि कृषक उन्नति योजना का लाभ देने के लिए मुख्यमंत्री सीधे किसानों के बीच आए हैं, यह ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि धान से अधिक लाभ दलहन और तिलहन फसलों में है, और किसानों को फसल विविधीकरण अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों की बात
बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री किसानों की मेहनत और दर्द को समझते हैं, और होली से पहले उनकी मेहनत की सौगात देने के लिए उपस्थित हुए हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में चार लाख मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदी गई और 1,50,000 करोड़ रुपए से अधिक की राशि किसानों के खातों में अंतरित की गई।
किसानों से संवाद
मुख्यमंत्री साय ने वर्चुअली किसानों से संवाद किया। जगदलपुर की महिला हितग्राही बसंती कश्यप ने बताया कि उनके खाते में 36,000 रुपए आए। कोरबा जिले के सुखन साय ने 73 क्विंटल धान बेचकर 53,000 रुपए प्राप्त किए। जांजगीर जिले के समर्थ सिंह को 1,41,000 रुपए अंतरित हुए सभी किसानों ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख व्यक्तित्व
विधायक अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, पूर्व विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, छत्तीसगढ़ राज्य पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पाण्डेय, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह, महापौर पूजा विधानी, कृषि उत्पादन आयुक्त शाहला निगार, मुख्यमंत्री के सचिव पी दयानंद, संचालक कृषि राहुल देव, कमिश्नर सुनील जैन, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।





