कलेक्टर की समय-सीमा बैठक: 31 मार्च तक छात्र-छात्राओं का आधार अपडेट, अवैध रेत खनन पर बड़ी कार्रवाई के निर्देश
साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में शिक्षा, खनन, पीएम सूर्यघर योजना, आरबीसी 6-4 सहायता और जल संरक्षण अभियान की विस्तृत समीक्षा

जांजगीर-चांपा / जिले में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति को लेकर आज कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक लेकर विभिन्न विभागों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण, राजस्व मामलों के शीघ्र समाधान और आमजन से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए गए।

31 मार्च तक छात्रों का आधार अपडेट अनिवार्य
कलेक्टर ने शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देशित किया कि स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में विशेष शिविर लगाकर शेष छात्र-छात्राओं का आधार अपडेटेशन 31 मार्च तक हर हाल में पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र विद्यार्थी का आधार अपडेट लंबित नहीं रहना चाहिए।
अवैध रेत खनन और परिवहन पर सख्ती
कलेक्टर ने राजस्व, खनिज और पुलिस विभाग को समन्वित अभियान चलाकर अवैध उत्खनन पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध रेत खनन और परिवहन में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ तत्काल जब्ती और कठोर कार्रवाई की जाए।
विद्यालयों में शत-प्रतिशत बालिका शौचालय निर्माण के निर्देश
शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि सभी विद्यालयों में बालिकाओं के लिए शौचालय निर्माण का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि यह कार्य प्राथमिकता में होना चाहिए।
पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का व्यापक प्रचार
कलेक्टर ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत अधिक से अधिक हितग्राहियों को जोड़ने के निर्देश दिए। कॉलोनियों, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर पात्र परिवारों को योजना से जोड़ा जाएगा, ताकि सोलर ऊर्जा का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचे।
आरबीसी 6-4 के प्रकरणों में समयबद्ध आर्थिक सहायता
बैठक में आरबीसी 6-4 के लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिया कि प्राकृतिक आपदा अथवा पात्र परिस्थितियों में प्रभावित हितग्राहियों को आर्थिक सहायता समय-सीमा में स्वीकृत एवं वितरित की जाए।
जल संरक्षण महाभियान: “हर घर सोक पिट”
1 मार्च से जिले में विशेष जल संरक्षण महाभियान प्रारंभ किया गया है। “हर घर सोक पिट” के माध्यम से जल संचय को बढ़ावा दिया जा रहा है। कलेक्टर ने पंचायतों को निर्देश दिया कि इसे जन-आंदोलन का रूप दिया जाए और घर-घर तक अभियान पहुंचाया जाए।
कचरा प्रबंधन में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
नगर पालिका और जनपद पंचायत अधिकारियों को गीला-सूखा कचरा पृथक्करण और वैज्ञानिक डंपिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने साफ कहा कि कचरा प्रबंधन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पीएम किसान, आवास और मिशन अमृत की समीक्षा
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र किसानों की लंबित ई-केवाईसी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया गया।
मिशन अमृत के अंतर्गत चल रहे कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
फाइलेरिया अभियान और राशन वितरण पर विशेष फोकस
स्वास्थ्य विभाग से फाइलेरिया अभियान की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने सामूहिक दवा सेवन अभियान को शत-प्रतिशत लक्ष्य के साथ जारी रखने को कहा।
खाद्य विभाग को सभी राशन कार्डधारियों को निर्धारित मात्रा में समय पर राशन वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर आर के तम्बोली, संयुक्त कलेक्टर स्निग्धा तिवारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।





