जांजगीर में होली से पहले हाई अलर्ट: 3 जापानी तकनीक वाले ड्रोन से निगरानी, शहरभर में पुलिस का फ्लैग मार्च, वीडियो में देखें एसपी का संदेश

जांजगीर-चांपा / होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस एक्शन मोड में नजर आई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के लिए जिलेभर में व्यापक स्तर पर फ्लैग मार्च निकाला गया।
पुलिस प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि शांति भंग करने वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है। हुड़दंग और असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
3 हाई-टेक ड्रोन से होगी निगरानी
होली के दौरान संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर जापानी तकनीक से लैस 3 आधुनिक ड्रोन लगातार नजर रखेंगे। ये ड्रोन रियल टाइम मॉनिटरिंग कर पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी देंगे, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ड्रोन निगरानी खासतौर पर बाजार, चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में केंद्रित रहेगी।
इन प्रमुख मार्गों से निकाला गया फ्लैग मार्च
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर श्री उमेश कुमार कश्यप एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के नेतृत्व में 03 मार्च 2026 को फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च की शुरुआत पुलिस नियंत्रण कक्ष जांजगीर से हुई और यह काफिला BTI चौक, नेता जी चौक, नैला रेलवे स्टेशन चौक, शारदा चौक, जांजगीर बस्ती, कचहरी चौक, मेन रोड ग्राम कुलीपोटा, गेमन पुल, रेलवे स्टेशन चांपा, चांपा सदर बाजार से होते हुए पूरे शहर में कड़ा पहरा देते हुए गुजरा।
पुलिस की भारी मौजूदगी से पूरे शहर में सख्त कानून व्यवस्था का संदेश गूंज उठा।
पुलिस बल को दिए गए सख्त निर्देश
फ्लैग मार्च से पूर्व पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस बल को ब्रीफ कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
स्पष्ट निर्देश दिए गए कि:
हुड़दंगियों पर सतत निगाह रखी जाए
कानून से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई हो
आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया जाए
बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
फ्लैग मार्च में DSP मुख्यालय जांजगीर विजय पैकरा, SDOP अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी, CSP जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, DSP सतरूपा तारम, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी सहित जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारी और भारी संख्या में पुलिस बल शामिल रहा।
पुलिस की अपील
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे होली पर्व को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार की आड़ में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।





