छत्तीसगढ़

JANJGIR CHAMPA: नैला रेलवे फाटक पर जाम की समस्या को लेकर बड़ा फैसला, ROB निर्माण पर बनी सहमति, 9 घंटे बाद खत्म हुआ चक्का जाम

जांजगीर-चांपा। रेलवे सुविधाओं की मांग को लेकर नैला में बड़ा आंदोलन देखने को मिला। क्षेत्रीय विधायक ब्यास कश्यप के नेतृत्व में जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, व्यापारीगण, नगरवासी और आसपास के ग्रामीण नागरिकों ने नैला रेलवे स्टेशन के सामने चौराहे पर चक्का जाम कर दिया। करीब 9 घंटे तक चले चक्का जाम और आंदोलन के बाद रेलवे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच अहम बैठक हुई, जिसमें कई महत्वपूर्ण मांगों पर सहमति बनी।

दरअसल, नैला रेलवे फाटक पर बार-बार लगने वाले जाम से क्षेत्र की जनता लंबे समय से परेशान थी। फाटक बंद होने के कारण घंटों तक वाहनों की लंबी कतार लग जाती थी। इससे आम नागरिकों के साथ-साथ मरीजों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आपातकालीन सेवाओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।

इसी समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर जांजगीर विधायक व्यास कश्यप के नेतृत्व में नगर के व्यापारी, सामाजिक संगठन और बड़ी संख्या में नागरिक आंदोलन में शामिल हुए। 6 मार्च को नैला नगर में नगर बंद और मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर धरना प्रदर्शन किया गया।

इसके बाद जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन में रेलवे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बैठक आयोजित की गई। बैठक में एडीआरएम जे. एस. मीना, सीनियर डीसीएम सहित रेलवे के अधिकारी, जांजगीर विधायक व्यास कश्यप, चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव, एसडीएम, नगर पालिका प्रतिनिधि और आंदोलन समिति के सदस्य मौजूद रहे।

बैठक में नैला रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम और अन्य रेलवे सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। चर्चा के बाद रेलवे ओवरब्रिज (ROB), फुटओवर ब्रिज (FOB) और अंडरब्रिज निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण सहमति बनी।

सहमति पत्र के अनुसार नैला रेलवे फाटक पर आरओबी निर्माण के लिए 15 सितंबर 2026 तक प्रशासकीय स्वीकृति देने का निर्णय लिया गया है। इस फैसले के बाद आंदोलनकारियों ने चक्का जाम समाप्त करने की घोषणा की।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ये निर्माण कार्य समय पर शुरू होते हैं तो नैला रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम से स्थायी राहत मिल सकेगी।

Related Articles

Back to top button