देश के 9.32 करोड़ किसानों के खातों में आएंगे 18,650 करोड़ रुपये, 13 मार्च को जारी होगी PM किसान योजना की 22वीं किस्त
देश के 9.32 करोड़ किसानों को मिलेगा लाभ, बलौदाबाजार-भाटापारा के 1.27 लाख से अधिक किसान होंगे लाभान्वित

रायपुर, 10 मार्च 2026। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। 13 मार्च 2026 को सायं 5 बजे असम के गुवाहाटी से आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री द्वारा योजना की 22वीं किस्त जारी की जाएगी। इस दौरान देश के करीब 9.32 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 18 हजार 650 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी।
इस योजना का लाभ बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के 1 लाख 27 हजार 544 पात्र किसानों को भी मिलेगा। जिले में इस अवसर को पीएम किसान उत्सव दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
पीएम किसान उत्सव के तहत जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में किसान बैठकों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी कराया जाएगा ताकि किसान सीधे इस कार्यक्रम से जुड़ सकें।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की खासियत इसकी पारदर्शी व्यवस्था है। योजना के तहत राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर होती है, जिससे बिचौलियों की भूमिका पूरी तरह समाप्त हो जाती है। इस राशि का उपयोग किसान बीज, खाद और अन्य कृषि कार्यों में कर सकते हैं, जिससे खेती का खर्च कम होने के साथ किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होती है।
इसके अलावा बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में 12 मार्च से 31 मार्च तक ग्राम पंचायत स्तर पर सेचुरेशन ड्राइव भी चलाया जाएगा। इस दौरान किसानों के एग्रीस्टेक पोर्टल में फार्मर आईडी पंजीयन, ई-केवायसी, आधार सीडिंग, संदिग्ध प्रकरणों का सत्यापन एवं सुधार कार्य तथा पात्र किसानों का नया पंजीयन किया जाएगा।





