जांजगीर-चांपा में चाकू लेकर दहशत फैलाते 2 युवक गिरफ्तार, नैला पुलिस की घेराबंदी में दबोचे गए
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज, दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

जांजगीर-चांपा / जिले के नैला क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते हथियार लेकर लोगों को भयाक्रांत कर रहे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। चौकी नैला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया और उनके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 मार्च 2026 को सूचना मिली कि कुछ युवक हथियार लेकर क्षेत्र में दहशत फैला रहे हैं। सूचना मिलते ही चौकी नैला पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविंद्र कुमार सूर्यवंशी (22 वर्ष) और देवराज कुमार सूर्यवंशी (20 वर्ष), दोनों निवासी नैला के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की। इसके बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी नैला भवानी सिंह चौहान और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।





