छत्तीसगढ़

JANJGIR CHAMPA: बाथरूम के पास लावारिस हालत में मिला नवजात, महिला एवं बाल विकास विभाग और पुलिस ने दिया सुरक्षित संरक्षण

जांजगीर-चांपा, 13 मार्च 2026। जिले में मानवता की मिसाल पेश करते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने एक नवजात शिशु को सुरक्षित संरक्षण प्रदान किया है। समय पर कार्रवाई करते हुए टीम ने नवजात को अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई।

यह कार्रवाई कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन और जिला कार्यक्रम अधिकारी अनीता अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजेन्द्र सिंह जायसवाल के नेतृत्व में की गई।

बाथरूम के पास लावारिस हालत में मिला नवजात

जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने बताया कि ग्राम बिर्रा क्षेत्र के बनडभरा निवासी मनोज कश्यप (30 वर्ष) ने पुलिस को सूचना दी कि उनके बाड़ी के बाथरूम की दीवार के पास जमीन पर एक अज्ञात नवजात बालक लावारिस और असुरक्षित अवस्था में पड़ा हुआ है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी अज्ञात महिला द्वारा नवजात शिशु को वहां छोड़ दिया गया था।

तुरंत मौके पर पहुंची टीम

सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के सहयोग से जिला बाल संरक्षण इकाई और चाइल्ड लाइन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने नवजात को सुरक्षित वहां से निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकीय जांच के बाद शिशु को स्वस्थ पाया गया।

बाल कल्याण समिति के समक्ष किया प्रस्तुत

आवश्यक प्रक्रिया के तहत नवजात शिशु को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति ने शिशु की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे मातृ छाया विशेषीकृत दत्तक ग्रहण एजेंसी, कोरबा में सुरक्षित संरक्षण प्रदान करने का आदेश दिया।

प्रशासन ने बताया कि शिशु की देखभाल और आगे की कानूनी प्रक्रिया समिति के दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाएगी।

Related Articles

Back to top button