जांजगीर-चांपा में दिल दहला देने वाली वारदात: कलयुगी पिता ने 5 साल के बेटे को नहर में डुबोकर मार डाला, आरोपी गिरफ्तार
पामगढ़ थाना क्षेत्र का मामला, पत्नी से विवाद के बाद आरोपी ने वारदात को दिया अंजाम

जांजगीर-चांपा / छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पामगढ़ थाना क्षेत्र में एक पिता ने अपने ही 5 वर्षीय मासूम बेटे को नहर के गहरे पानी में डुबोकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान रेशम लाल यादव (27 वर्ष) निवासी ग्राम भैसो, थाना पामगढ़ के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पारिवारिक विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी रेशम यादव की शादी वर्ष 2018 में हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी। इसी कारण उसकी पत्नी अपनी दो बेटियों को लेकर मायके ग्राम भिलौनी चली गई थी, जबकि बेटा आयुष पिता के पास ही रह रहा था।
बताया जा रहा है कि आरोपी अक्सर फोन पर पत्नी को धमकी देता था कि वह पहले बेटे को मार देगा और फिर खुद भी आत्महत्या कर लेगा।
रात में नहर में डुबोकर की हत्या
पुलिस के अनुसार 13 मार्च की शाम आरोपी अपने बेटे आयुष को साथ लेकर घर से निकला। इसके बाद 14 मार्च की रात करीब 1 बजे ग्राम भिलौनी के आवास पारा स्थित नहर में उसने बेटे को डुबोकर हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रात करीब 2 बजे पत्नी के मायके पहुंचा और खुद ही बेटे की हत्या करने की बात बताई। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने चंद घंटों में किया गिरफ्तार
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पामगढ़ सावन सारथी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और मामले की आगे जांच जारी है।





