साइबर ठगी से सावधान: बिजली बिल योजना के नाम पर फर्जी लिंक से बचें, पावर कंपनी की उपभोक्ताओं से अपील
मोर बिजली’ मोबाइल ऐप केवल Play Store या App Store से ही डाउनलोड करें, अनजान लिंक पर क्लिक न करें

रायपुर, 15 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ राज्य पावर कंपनी ने बिजली उपभोक्ताओं को साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील की है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के नाम पर भेजे जा रहे किसी भी अनजान व्हाट्सएप, ई-मेल या एसएमएस लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी तरह की एपीके (APK) फाइल डाउनलोड करने से बचें।
पावर कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह के अनुसार कंपनी अपनी किसी भी योजना या सेवा के लिए उपभोक्ताओं को कभी भी एपीके फाइल या संदिग्ध वेब लिंक नहीं भेजती। इसलिए उपभोक्ताओं को ऐसे किसी भी संदेश से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
कंपनी ने बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की जानकारी और पंजीयन के लिए मैदानी स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे, ताकि उपभोक्ताओं को सही जानकारी मिल सके और वे किसी साइबर ठग के झांसे में न आएं।
उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे बिजली बिल का भुगतान केवल “मोर बिजली” मोबाइल एप, कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट, एटीपी सेंटर या नजदीकी बिजली कार्यालय में ही करें। इसके अलावा किसी मैदानी कर्मचारी को भी नकद भुगतान न करने की सलाह दी गई है।
पावर कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को बिजली बिल या अन्य जानकारी से जुड़े संदेश केवल “CSPDCL-S” सेंडर आईडी से ही भेजे जाते हैं।
यदि किसी उपभोक्ता को योजना या बिजली सेवा से संबंधित कोई जानकारी चाहिए तो वे पावर कंपनी के केंद्रीकृत कॉल सेंटर के टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं या अपने नजदीकी सीएसपीडीसीएल कार्यालय में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।





