छत्तीसगढ़ में 12वीं हिंदी पेपर लीक का आरोप, विधानसभा में गूंजा मामला; मंत्री बोले– पेपर लीक नहीं हुआ
कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने उठाए सवाल, एफआईआर और निष्पक्ष जांच की मांग; शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने व्हाट्सएप पर सवाल वायरल होने की बात कही

रायपुर / छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड की हिंदी परीक्षा के पेपर लीक होने के आरोप को लेकर विधानसभा के बजट सत्र में जमकर हंगामा हुआ। इस मुद्दे को कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने सदन में उठाते हुए प्रदेश की स्कूली शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।
मीडिया से बातचीत में देवेंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश में पहले से ही स्कूली शिक्षा की स्थिति चर्चा में है और अब 12वीं बोर्ड का हिंदी पेपर लीक होने की खबर सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने पेपर लीक कर कुछ छात्रों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की है।
उन्होंने यह भी आशंका जताई कि सिर्फ एक विषय ही नहीं बल्कि अन्य विषयों के पेपर भी लीक हो सकते हैं। ऐसे में पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जानी चाहिए।
कांग्रेस विधायक ने सरकार और स्कूल शिक्षा मंत्री से मांग की है कि इस मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज कराई जाए और निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही जो भी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और पूरी सच्चाई जनता के सामने लाई जाए।
वहीं दूसरी ओर, 12वीं बोर्ड परीक्षा के पेपर लीक के आरोपों को छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने खारिज किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कहीं भी 12वीं का पेपर लीक नहीं हुआ है।
मंत्री ने बताया कि एक छात्र संगठन द्वारा आधी रात को कुछ प्रश्नों को जानबूझकर व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल किया गया था। इस मामले की जांच के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल को निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में पेपर लीक होने या किसी की भूमिका सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





