हिंदू देवी-देवताओं पर मुस्लिम वकील की विवादित टिप्पणी, हिंदू संगठन ने घेरा थाना, FIR दर्ज
राजातालाब के रहने वाले वकील का स्टेटस वायरल, हिंदू संगठनों ने सिविल लाइन थाने का किया घेराव

रायपुर / छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। राजातालाब इलाके के एक एडवोकेट पर हिंदू देवी-देवताओं और हिंदुत्व को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगा है। पोस्ट वायरल होने के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी एडवोकेट के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में FIR दर्ज कर ली है।
यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक अंजुम खान नाम का युवक राजातालाब का रहने वाला है और पेशे से वकील है। आरोप है कि उसने अपने सोशल मीडिया स्टेटस पर रमजान की शुभकामनाओं के साथ हिंदू देवी-देवताओं को लेकर अभद्र टिप्पणी लिखी थी। पोस्ट में हिंदुओं के लिए आपत्तिजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया था।
बताया जा रहा है कि हिंदू संगठन से जुड़े तुलेश यादव ने 14 मार्च को यह पोस्ट सोशल मीडिया पर देखा। इसके बाद उन्होंने पोस्ट पर कड़ी आपत्ति जताई और इस मामले में कार्रवाई की मांग की। अगले दिन तुलेश यादव अपने साथ संगठन के अन्य कार्यकर्ताओं के साथ सिविल लाइन थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के बाद बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के कार्यकर्ता थाने के बाहर इकट्ठा हो गए। कार्यकर्ताओं ने आरोपी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी एडवोकेट के खिलाफ धार्मिक भावना भड़काने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में FIR दर्ज कर ली है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता और परिस्थितियों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





