छत्तीसगढ़

रामकृष्ण अस्पताल में बड़ा हादसा: सीवरेज टैंक की सफाई के दौरान 3 सफाईकर्मियों की मौत

रामकृष्ण अस्पताल में जहरीली गैस से दम घुटने से हादसा, परिजनों का हंगामा, प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप

रायपुर / छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पचपेड़ी नाका स्थित रामकृष्ण अस्पताल में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल के पीछे बने सीवरेज टैंक (गटर) की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन सफाईकर्मियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सीवरेज टैंक में उतरे और बेहोश हो गए

मिली जानकारी के अनुसार, सफाईकर्मी टैंक की सफाई के लिए अंदर उतरे थे, जहां पहले से जहरीली गैस भरी हुई थी। गैस के संपर्क में आते ही सभी बेहोश हो गए। उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल लाया गया, लेकिन तब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी थी।

मृतकों की पहचान अनमोल मांझी, गोविंद सेंद्रे और सत्यम कुमार के रूप में हुई है। एक अन्य सफाईकर्मी का इलाज जारी है।

अस्पताल के बाहर हंगामा

घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां चीख-पुकार और हंगामे का माहौल बन गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस को मौके पर पहुंचकर हालात संभालने पड़े।

अस्पताल प्रबंधन द्वारा बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाने से परिजन और आक्रोशित हो गए। इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच झूमाझटकी की स्थिति भी बन गई।

सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

मृतकों के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सफाईकर्मियों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के सीवरेज टैंक में उतारा गया, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।

परिजनों का आरोप है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता, तो तीन लोगों की जान बच सकती थी।

पुलिस जांच जारी

घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और जिम्मेदारों की जांच की जा रही है। वहीं, अस्पताल प्रबंधन की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

Related Articles

Back to top button