
जांजगीर-चांपा, 21 मार्च 2026: जिले के नेशनल हाईवे मार्ग पर हो रहे अवैध कब्जों को हटाकर सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टरजन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में विशेष कार्रवाई की गई।

कलेक्टर के निर्देश के अनुसार सुकली चौक, मुनंद चौक, खोखरा अंबेडकर चौक और पिसौद चौक पर अवैध कब्जों को हटाया गया। इन स्थानों पर कब्जा होने से दृष्टि बाधित हो रही थी और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा था।

इस कार्रवाई में जिला परिवहन अधिकारी गौरव साहू, तहसीलदार श्री आर.के. मरावी, और सब-इंजीनियर राष्ट्रीय राजमार्ग विजय साहू मौजूद रहे। अनुविभागीय अधिकारी (रा.), पुलिस विभाग, परिवहन विभाग और निर्माण एजेंसी ने संयुक्त रूप से अवैध कब्जा हटाने का काम किया।
कलेक्टर सह अध्यक्ष जिला सड़क सुरक्षा समिति नियमित रूप से हर माह बैठक लेकर ब्लैक स्पॉट और अन्य दुर्घटनाजनक क्षेत्रों में आवश्यक इंजीनियरिंग सुधार के निर्देश देते हैं। पुलिस और परिवहन विभाग को मोटरयान अधिनियम के तहत यातायात नियमों का पालन न करने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाते हैं। वहीं, मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी जांजगीर-चांपा को दुर्घटना के समय त्वरित चिकित्सा उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया है।
इस कदम से जिले के नेशनल हाईवे पर सड़क सुरक्षा बढ़ाने और दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलने की उम्मीद है।





