छत्तीसगढ़ में 12वीं हिन्दी परीक्षा रद्द: पेपर लीक के बाद बड़ा फैसला, 10 अप्रैल फिर होगा एग्जाम
पेपर लीक के आरोपों के बाद फैसला, सुबह 9 बजे से 12:15 बजे तक होगी पुनः परीक्षा

रायपुर, 23 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कक्षा 12वीं की हिन्दी परीक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। 14 मार्च 2026 को आयोजित हिन्दी विषय की परीक्षा को निरस्त कर दिया गया है। अब यह परीक्षा 10 अप्रैल 2026 को सुबह 9:00 बजे से 12:15 बजे तक पुनः आयोजित की जाएगी।

मंडल द्वारा 23 मार्च को आयोजित परीक्षा समिति की बैठक में सभी तथ्यों पर विस्तृत चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया। बोर्ड ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे नई निर्धारित तिथि पर अपने-अपने परीक्षा केंद्र में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों।
मामले की पृष्ठभूमि में 14 मार्च को हुई परीक्षा के बाद 15 और 16 मार्च को सोशल मीडिया और विभिन्न समाचार पत्रों में हिन्दी प्रश्नपत्र (सेट ‘बी’) के लीक होने के दावे सामने आए थे। इस गंभीर आरोप को देखते हुए मंडल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए साइबर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई और सिटी कोतवाली में प्राथमिकी भी दर्ज की गई।
बोर्ड अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराई जा रही है। साथ ही, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए छात्र मंडल की आधिकारिक वेबसाइट
https://www.cgbse.nic.in/
पर विजिट कर सकते हैं।





