
जांजगीर-चांपा | 25 मार्च 2026: जिले में लूट के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पकड़ने में थाना मुलमुला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व लूट की रकम का हिस्सा बरामद किया है।
क्या है पूरा मामला?
घटना 9 जनवरी 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है। ग्राम खपरी निवासी वीरू कुर्रे अपने चचेरे भाई संतकुमार कुर्रे के साथ मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम कोसा में नवल सिंह के घर के पास दो अज्ञात बाइक सवार युवकों ने रास्ता रोककर गाली-गलौच और मारपीट की।
इसके बाद आरोपियों ने पीड़ितों से ₹3500 नगद और दो मोबाइल फोन लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
मामला दर्ज, जांच शुरू
पीड़ित की शिकायत पर थाना मुलमुला में अपराध क्रमांक 26/2026 के तहत धारा 126(2), 309(4), 296, 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पहले एक आरोपी जा चुका है जेल
पुलिस अधीक्षकविजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पहले ही एक आरोपी विकास भंडारी उर्फ चकरी (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था।
फरार आरोपी भी चढ़ा पुलिस के हत्थे
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने फरार आरोपी संदीप बंदे (34 वर्ष), निवासी कोसा पचरीपारा को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
बरामदगी
- घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
- लूट की रकम में से ₹500 नगद
गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।





