Crime

घरेलू विवाद में हैवान बना पिता: डेढ़ साल के मासूम को ईंट से मार डाला, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 25 मार्च 2026 / छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पामगढ़ थाना क्षेत्र में एक पिता ने घरेलू विवाद के चलते अपने ही डेढ़ वर्षीय मासूम बेटे की ईंट के टुकड़े से मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी शिवाजी निषाद (35 वर्ष), निवासी हिर्री केवट मोहल्ला, थाना पामगढ़, ने अपने पुत्र अनुराग को गोद में लेकर एक खंडहर मकान की ओर ले गया। इस दौरान उसकी हरकतों पर शक होने पर परिजनों ने उसका पीछा किया।

Polish 20260325 205825172 Console Crptech

खंडहर मकान में आरोपी अपने मासूम बेटे के सिर पर ईंट के टुकड़े से लगातार वार कर रहा था। बच्चे की दादी सीता बाई निषाद ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। किसी तरह बच्चे को आरोपी के कब्जे से छुड़ाकर इलाज के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही बच्चे की मौत हो गई।

घटना की सूचना पर थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 132/2026 के तहत धारा 103(1) और 115(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Related Articles

Back to top button