छत्तीसगढ़

एंबुलेंस से गांजा तस्करी का भंडाफोड़: महाराष्ट्र के 2 तस्कर गिरफ्तार, उड़ीसा से महाराष्ट्र ले जा रहे थे गांजा

महासमुंद जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, उड़ीसा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था गांजा

महासमुंद, 28 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एंबुलेंस के जरिए हो रही अवैध तस्करी का खुलासा किया है। खल्लारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक बोलेरो एंबुलेंस से 20 किलो गांजा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक एंबुलेंस में गांजा तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर ग्राम चरौदा मोड़ के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान एक संदिग्ध एंबुलेंस को रोककर जांच की गई।

दो आरोपी गिरफ्तार
वाहन में सवार महाराष्ट्र के नागपुर निवासी सलमान खान (26) और शिराज पठान (39) से पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान एंबुलेंस में रखी दो बोरियों से करीब 20 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर महाराष्ट्र में बेचने की योजना बना रहे थे।

10 लाख रुपए का गांजा जब्त
बरामद गांजा की कीमत करीब 10 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से गांजा के अलावा बोलेरो एंबुलेंस, 6,800 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

2026 में अब तक बड़ी कार्रवाई
अधिकारियों के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक महासमुंद जिले में 59 मामलों में 3,367.500 किलोग्राम गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी अनुमानित कीमत 16 करोड़ 79 लाख 33 हजार रुपए है। इन मामलों में 157 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 44 छत्तीसगढ़ और 113 अन्य राज्यों के आरोपी शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button