Crime

‘बेटा’ कहने पर हत्या: मामूली विवाद में युवक को चाकू मारकर उतारा मौत के घाट, परिजनों ने किया चक्काजाम और थाने में धरना

शोका गार्डन में देर रात वारदात, 3 हिरासत में, मुख्य आरोपी फरार; परिजनों ने किया चक्काजाम और थाने में धरना

क्राइम  न्यूज

भोपाल / राजधानी भोपाल में रविवार देर रात एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। अशोका गार्डन इलाके में ‘बेटा’ कहकर समझाने की कोशिश करना एक युवक को भारी पड़ गया, जहां आरोपियों ने 35 वर्षीय विजय मेवाड़ा की चाकू मारकर हत्या कर दी।

घटना के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने सुभाष कॉलोनी में चक्काजाम कर दिया। करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस की समझाइश के बाद जाम खुल सका, लेकिन इस दौरान परिजनों और पुलिस के बीच तीखी बहस भी हुई। बाद में परिजन हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं के साथ थाना परिसर में धरने पर बैठ गए।

हमीदिया अस्पताल के बाहर हंगामा

मृतक के परिजनों ने हमीदिया अस्पताल की मॉर्चुरी के बाहर भी जमकर हंगामा किया, जिसके चलते भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार, मृतक विजय मेवाड़ा सुभाष कॉलोनी का निवासी था और अशोका गार्डन व कोलार इलाके में चाय की दो दुकानें चलाता था। रविवार देर रात करीब 1:30 बजे वह होटल बंद कर कर्मचारियों को छोड़ने प्रगति नगर गया था।

यहां पहले से मौजूद मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ बम अपने साथियों फरमान, कालू और इमरान के साथ बैठा था। ये सभी मृतक के कर्मचारियों के पुराने परिचित बताए जा रहे हैं।

कर्मचारियों से बदसलूकी बनी वजह

आरोपियों ने कर्मचारियों को अपने साथ चलने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। इस पर आरोपियों ने अभद्रता शुरू कर दी। विजय ने इसका विरोध किया और आसिफ को ‘बेटा’ कहकर समझाने की कोशिश की।

इसी बात पर विवाद बढ़ गया और गुस्साए आसिफ ने चाकू निकालकर विजय के पेट में वार कर दिया। उसके साथियों ने भी मारपीट शुरू कर दी।

पुलिस एक्शन

अशोका गार्डन थाना प्रभारी अनुराग लाल के अनुसार, इस मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ बम फरार है। उसकी तलाश जारी है।

घटना के बाद घायल विजय को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Related Articles

Back to top button