
जांजगीर चांपा, 03 अप्रैल 2026: जिले के थाना नवागढ़ क्षेत्रांतर्गत ग्राम गोधना में 02 अप्रैल को जमीन विवाद के चलते एक महिला पर जानलेवा हमला हुआ। आरोपी भोलाशंकर कश्यप (60 वर्ष) ने रिश्तेदारी में आने वाली महिला निर्मला कश्यप पर टांगी से हमला किया।
घटना के समय महिला घर में अकेली थी। प्रार्थी विशाल कश्यप के घर लौटने पर आरोपी ने उस पर भी टांगी से हमला करते हुए जान से मारने की धमकी दी, जिससे विशाल के हाथ में चोट आई। अंदर जाकर देखने पर उनकी पत्नी निर्मला कश्यप बेहोश मिली, जिसके सिर में गंभीर चोट लगकर खून बह रहा था। घायल महिला को तत्काल शासकीय अस्पताल नवागढ़ ले जाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल जांजगीर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
थाना नवागढ़ पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अपराध पंजीबद्ध किया, घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य एवं गवाहों के बयान लिए। आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त टांगी जप्त की गई। आरोपी के खिलाफ धारा 109(1), 331(7) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।





