छत्तीसगढ़

नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोपी को बलौदा पुलिस ने किया गिरफ्तार, POCSO एक्ट में कार्रवाई

त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर, पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

जांजगीर-चांपा, 05 अप्रैल 2026। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 तथा POCSO एक्ट की धारा 10 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी राकेश कुमार कुर्रे द्वारा नाबालिग बालिकाओं के साथ गलत नियत रखते हुए उनके अकेलेपन का फायदा उठाकर छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया गया। पीड़िता की शिकायत पर थाना बलौदा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अपराध पंजीबद्ध किया और जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके निवास स्थान परसाभांठा, थाना बलौदा से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button