Janjgir Champa: शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ ग्रामीण एकजुट, प्रधानमंत्री आवास निर्माण रोकने की मांग
बेल्टुकरी पंचायत के मधईपुर में स्कूल और गौठान के लिए सुरक्षित जमीन पर कब्जे का आरोप, कलेक्टर से कार्रवाई की गुहार

जांजगीर-चांपा / छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत बेल्टुकरी के आश्रित ग्राम मधईपुर में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गांव के लोगों ने एकजुट होकर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, शासकीय प्राथमिक शाला से लगी हुई जमीन, जो गांव के विकास कार्यों जैसे आंगनबाड़ी भवन, गौठान और अन्य सार्वजनिक उपयोग के लिए सुरक्षित रखी गई थी, उस पर छत सिंह (पिता हरि सिंह) और देव सिंह (पिता छत सिंह) द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर प्रधानमंत्री आवास का निर्माण कराया जा रहा है।
पहले भी हटाया गया था कब्जा
ग्रामीणों ने बताया कि उक्त भूमि पर पहले गौठान संचालित था। बाद में अमीरलाल (पिता उधो राम) और भुवन लाल (पिता धनी राम) का कब्जा हो गया था, जिसे गांव के लोगों ने मिलकर हटाया था, ताकि वहां स्कूल और गौठान का निर्माण किया जा सके।
5 साल से जारी है कब्जा
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले करीब 5 वर्षों से छत सिंह इस भूमि पर अवैध रूप से काबिज है और अब बलपूर्वक प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माण कार्य किया जा रहा है।
पटवारी जांच में भी पुष्टि
इस मामले में पहले भी तहसीलदार बलौदा को शिकायत दी गई थी, जिसके बाद हल्का पटवारी को जांच के लिए भेजा गया। पटवारी की रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि खसरा नंबर 33/1, रकबा 13.877 हेक्टेयर में से 0.075 एकड़ भूमि पर छत सिंह और देव सिंह का अवैध कब्जा है।
कलेक्टर से कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने अब कलेक्टर जांजगीर-चांपा को पुनः शिकायत कर मांग की है कि अवैध कब्जे को तत्काल हटाया जाए और वहां बन रहे प्रधानमंत्री आवास को रोका जाए। साथ ही, उक्त भूमि को गांव के विकास कार्यों के लिए सुरक्षित रखा जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।





